*सुपर टीवी में लगी भीषण आग, आग की लपटों के बीच मसीहा बनकर कूद पड़े पत्रकार उमेश जंगाले, बिल्डिंग में फंसे युवक की बचाई जान*

बुरहानपुर :- मंडी बाजार स्थित सुपर टीवी इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में देर रात अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसे बुझाने के लिए 10 से अधिक दमकल वाहन मौके पर पहुंचे, लेकिन आग पर काबू पाना आसान नहीं था। कड़ी मशक्कत के बाद सुबह होते-होते आग पर नियंत्रण पाया जा सका। इसी दौरान परिवार का एक सदस्य नवल उर्फ बंटी शंकपाल आग की लपटों के बीच बिल्डिंग में फंस गया।
हैरानी की बात यह रही कि शुरुआत में किसी का ध्यान उसकी ओर नहीं गया। इसी बीच पड़ोस में रहने वाले ऑल इंडिया सशक्त पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उमेश जंगाले की नजर बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर पड़ी। उन्होंने देखा कि घने धुएं के बीच एक व्यक्ति मोबाइल की टॉर्च जलाकर इशारा कर रहा है और अपनी जान बचाने के लिए मदद की गुहार लगा रहा है। टॉर्च की रोशनी का इशारा देखते ही पत्रकार उमेश जंगाले ने तत्काल दमकल कर्मचारियों को उस स्थान पर गाड़ी और सीढ़ी लगाने के लिए कहा, जहां युवक आग की लपटों के बीच बुरी तरह फंसा हुआ था। इसके बाद पत्रकार उमेश जंगाले ने कुछ अन्य लोगों के साथ दमकल वाहन की सीढ़ी की मदद से बिल्डिंग तक पहुंचकर अपनी जान जोखिम में डालते हुए आग में फंसे नवल उर्फ बंटी शंकपाल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना का दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग सहम गए, क्योंकि आग की भयंकर लपटों के बीच बिल्डिंग में ऊपर जाना बेहद जोखिम भरा था। लेकिन पत्रकार उमेश जंगाले ने अदम्य साहस, सूझबूझ और मानवता का परिचय देते हुए युवक की जान बचाई। इस साहसिक कार्य के लिए पत्रकार उमेश जंगाले की हर ओर सराहना हो रही है। उन्होंने साबित कर दिया कि पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर मानवता और पड़ोसी धर्म निभाना भी सबसे बड़ा कर्तव्य है।
वहीं पूर्व विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह ने भी आगजनी में हुए नुकसान को लेकर शासन से परिजन को मुआवजा देने की बात कही और उमेश जंगाले एवं उनकी टीम द्वारा किए गए युवक के रेस्क्यू की सराहना कर उनका आभार व्यक्त किया। नवल उर्फ बंटी शंकपाल ने भी प्रशासन एवं स्थानीय लोगों सहित उमेश जंगाले का धन्यवाद ज्ञापित किया। बता दे की पूर्व में भी उमेश जंगाले ने बसाड रोड पर 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरे बाइक सवार की जान बचाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला था।



