बुरहानपुर

*बुरहानपुर में घायल बंदरिया की मौत पर हंगामा हिंदू संगठनों ने वन विभाग कार्यालय में पढ़ी हनुमान चालीसा स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग*

बुरहानपुर :- मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में एक 4 साल की बंदरिया की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने वन विभाग के दफ्तर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दफ्तर के मुख्य गेट के सामने बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और कादरिया स्कूल प्रबंधन पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई।

यह पूरा मामला 28 अक्टूबर की शाम का है। शाही किला रोड स्थित कादरिया शैक्षणिक परिसर में कुछ असामाजिक तत्वों ने एक मादा बंदर पर बैलेट गन से हमला कर दिया था। दिल दहला देने वाली बात यह थी कि घायल बंदरिया उस दौरान भी अपने बच्चे को अपने सीने से मजबूती से लगाए हुए थी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे तुरंत इलाज के लिए भेजा, लेकिन गंभीर चोटों के चलते अगले दिन उसकी मौत हो गई।

इस घटना के विरोध में हिंदू जागरण मंच, विश्व हिंदू परिषद, शिवसेना और नरेंद्र मोदी विचार मंच के पदाधिकारी वन विभाग कार्यालय पहुंचे। संगठन के नेताओं ने आरोप लगाया कि इस अमानवीय कृत्य में स्कूल प्रबंधन की भी संलिप्तता है, इसलिए उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

कार्रवाई के संबंध में बुरहानपुर के एसडीओ वन विनय मेश्राम और डीएफओ विद्याभूषण सिंह ने जानकारी दी कि मृत बंदरिया का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज कर सबूत जुटाए जा रहे हैं। वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि तीसरे फरार आरोपी की तलाश जारी है। हालांकि, सुरक्षा कारणों और जांच का हवाला देते हुए अभी तक आरोपियों के नाम उजागर नहीं किए गए हैं।

फिलहाल, वन विभाग के अधिकारियों ने हिंदू संगठनों को मामले की निष्पक्ष और कड़ाई से जांच करने का पूरा आश्वासन दिया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button