*बुरहानपुर में पटाखा दुकानों की जांच, प्रशासन ने पानी रेत अग्निशामक उपकरणों की जांच दी सख्त चेतावनी*
बुरहानपुर :- दीपावली पर्व को लेकर जिले में पटाखा दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था और लाइसेंस प्रक्रिया को सख्त कर दिया गया है। शिकारपुरा थाना क्षेत्र के रेणुका माता मंदिर परिसर स्थित नेहरू स्टेडियम पर लगाई गईं 70 पटाखा दुकानों की सोमवार को जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक जांच की। इस दौरान दुकानों के आकार में अनियमितता और लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन के मामले सामने आने पर व्यापारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
*सुरक्षा मानकों और लाइसेंस की हुई जांच*
कलेक्टर विवेक कुमार और एसपी आशुतोष बागरी के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों की टीम रेणुका ग्राउंड पहुंची। जांच टीम में एडीएम एवं जिला पंचायत सीईओ सृजन वर्मा, एएसपी प्रदीप शेंडे, एसडीएम पल्लवी पुराणिक और नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव शामिल थे।
अधिकारियों ने दुकानों में आग से बचाव के लिए पानी, रेत और अग्निशामक उपकरणों की उपलब्धता देखी। इसके साथ ही दुकानदारों को पटाखों के स्टॉक और खरीदी के बिल सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या जांच के दौरान जानकारी जुटाई जा सके।
*नियमों की अनदेखी और आकार बढ़ाने का आरोप*
नगर निगम द्वारा पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया से व्यापारियों को दुकानों का आवंटन किया गया था। लेकिन आवंटन के बाद कुछ दुकानदारों पर दुकानें दूसरे व्यापारियों को देने और तय मार्किंग से अधिक आकार में दुकान बढ़ाने के आरोप लगे। जांच के दौरान मौके पर आवंटित दुकानों के आकार में अंतर पाया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुकान का संचालन केवल वही व्यक्ति कर सकता है जिसके नाम से लाइसेंस जारी हुआ है। मार्किंग से बाहर दुकान फैलाने पर अधिकारियों ने व्यापारियों को 1 घंटे के भीतर दायरा सीमित करने का अल्टीमेटम दिया। नियमों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी गई है।
*पुलिस की नागरिकों से सहयोग की अपील*
प्रशासन ने बताया कि पटाखों का अवैध निर्माण, विक्रय या बिना अनुमति भंडारण करने से बड़ी दुर्घटना, विस्फोट और जान-माल का नुकसान हो सकता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस के मोबाइल नंबर 7049101020 पर सूचित करें। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों से दूर रहने और शांति व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया है।




