*महापौर ने ली समीक्षा बैठक नवरात्रि और दशहरा पर जगमगाएगा बुरहानपुर, पंडालों व रथयात्रा मार्ग पर रहेंगी पुख्ता व्यवस्थाएं*

बुरहानपुर:- आगामी बालाजी उत्सव, शारदीय नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के पावन अवसर पर शहर में स्वच्छता, प्रकाश और नागरिक सुविधाओं को सुव्यवस्थित रखने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। महापौर माधुरी अतुल पटेल ने वार्ड पार्षदों एवं निगम अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और शहर में स्वच्छ, सुरक्षित व सुंदर वातावरण बना रहे।
*दुर्गा पंडालों और निर्माण स्थलों पर विशेष सफाई*
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में जहां भी दुर्गा प्रतिमा एवं गरबा पंडाल स्थापित हो रहे हैं, वहां नियमित और विशेष सफाई के साथ पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जिन स्थानों पर नगर निगम के निर्माण कार्य चल रहे हैं और वहीं पंडाल स्थापित होने हैं, वहां से तत्काल निर्माण सामग्री हटाकर अव्यवस्था दूर की जाए और सफाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, बारिश या भीड़ को ध्यान में रखते हुए पंडालों के आसपास आवश्यकतानुसार चूरी और गिट्टी डालकर रास्तों को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए गए।
*रेणुका माता मंदिर मार्ग और रथयात्रा रूट पर ध्यान*
नवरात्रि में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए महापौर ने रेणुका माता मंदिर मार्ग एवं परिसर में विशेष प्रकाश व सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। वहीं, दशहरा पर्व से पूर्व निकलने वाली बालाजी महाराज की प्रसिद्ध रथयात्रा के पूरे मार्ग पर भी समय रहते प्रकाश और स्वच्छता के सभी प्रबंध पूर्ण करने के कड़े निर्देश जारी किए गए। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का सतत निरीक्षण करने के लिए कहा।
*प्लास्टिक मुक्त नवरात्रि का संकल्प*
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए महापौर ने ‘प्लास्टिक मुक्त नवरात्रि’ की अपील की। उन्होंने प्लास्टिक के दोना-पत्तल पर रोक को प्रभावी ढंग से लागू करने और इसके स्थान पर कागज या प्राकृतिक पत्तों के विकल्पों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि वे विक्रेताओं, दुकानदारों और पंडाल समितियों से संवाद कर उन्हें पर्यावरण अनुकूल साधन अपनाने के लिए प्रेरित कर
महापौर पटेल ने कहा कि धार्मिक आयोजन आस्था के साथ स्वच्छता और पर्यावरण का संदेश भी दें। जनप्रतिनिधि और निगम प्रशासन आपस में तालमेल बनाकर काम करें।
बैठक में पूर्व महापौर अतुल पटेल, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण तथा निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं यंत्री उपस्थित रहे।




