*ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल के डॉ. प्रांजल काशिव को सिडनी में मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान*

*दुनियाभर के 2,400 शोध पत्रों में प्रथम स्थान पाकर बढ़ाया देश और क्षेत्र का मान*
बुरहानपुर :- चिकित्सा जगत में छत्तीसगढ़ और पूरे देश के लिए एक बेहद गर्व का क्षण सामने आया है। बिलासपुर स्थित ऑल इज़ वेल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट एवं किडनी ट्रांसप्लांट फिजिशियन डॉ. प्रांजल काशिव को सिडनी (ऑस्ट्रेलिया) में आयोजित एक भव्य अंतरराष्ट्रीय समारोह में वैश्विक स्तर पर सम्मानित किया गया है।
22 सितंबर को सिडनी में ‘द ट्रांसप्लांट सोसाइटी एवं ‘इंडियन सोसाइटी ऑफ ऑर्गन ट्रांसप्लांट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में डॉ. प्रांजल काशिव को प्रतिष्ठित ला रेनॉन इंटरनेशनल बेसिक एंड क्लिनिकल साइंसेज मेंटी-मेंटर अवार्ड 2026 से नवाजा गया।
यह उपलब्धि न केवल ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक है। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिए पूरी दुनिया से 2,400 से अधिक शोध पत्र एब्स्ट्रैक्ट्स प्राप्त हुए थे। इनमें अकेले भारत से 400 और अन्य देशों से 2,000 से ज्यादा प्रतिष्ठित शोध शामिल थे। दुनिया भर के दिग्गज शोधकर्ताओं और चिकित्सकों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद, चयन समिति ने डॉ. प्रांजल काशिव द्वारा प्रस्तुत शोध पत्र गाइडलाइन्स फॉर स्वैप ट्रांसप्लांट को सर्वश्रेष्ठ मानते हुए प्रथम स्थान के लिए चुना।
स्वैप किडनी ट्रांसप्लांट अदला-बदली कर अंगों का प्रत्यारोपण के क्षेत्र में डॉ. काशिव का यह शोध चिकित्सा विज्ञान और मरीजों के लिए एक मील का पत्थर साबित हो रहा है। वर्तमान में डॉ. प्रांजल काशिव ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल में नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और अस्पताल के किडनी ट्रांसप्लांट कार्यक्रम का अत्यंत कुशलता से सफल संचालन कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में कई जटिल नेफ्रोलॉजी मामलों का सफलतापूर्वक उपचार किया गया है।
*अस्पताल प्रबंधन में हर्ष की लहर*
डॉ. प्रांजल काशिव की इस अंतरराष्ट्रीय सफलता पर ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल परिवार में भारी उत्साह और जश्न का माहौल है। अस्पताल के प्रबंध निदेशक कबीर चौकसे और कार्यकारी निदेशक देवांशी चौकसे ने डॉ. काशिव को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनकी इस गौरवशाली उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी।
प्रबंध निदेशक कबीर चौकसे ने कहा, डॉ. प्रांजल काशिव ने अपनी मेहनत, निष्ठा और उत्कृष्ट शोध के बल पर न केवल हमारे अस्पताल बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और भारत का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। यह सम्मान देश की चिकित्सा सेवाओं की वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाता है।
इस अवसर पर अस्पताल के समस्त डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और प्रबंधन ने डॉ. काशिव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके निरंतर आगे बढ़ने की प्रार्थना की है।




