*डायल 112 टीम की तत्परता से टला बड़ा हादसा झांझर डैम में डूब रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग की बचाई जान*

बुरहानपुर :-बुरहानपुर जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कार्य कर रही डायल 112 की टीम ने अपनी त्वरित कार्रवाई और असाधारण सूझबूझ का परिचय देते हुए एक व्यक्ति को अकाल मृत्यु के मुंह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मामला थाना निंबोला क्षेत्र स्थित झांझर डैम का है, जहां एक बुजुर्ग द्वारा उठाए गए आत्मघाती कदम के बाद समय रहते पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उनकी जान बचा ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को डायल 112 कंट्रोल रूम में झांझर डैम में एक व्यक्ति के गहरे पानी में उतरने और डूबने की सूचना प्राप्त हुई (इवेंट क्रमांक 3209)। सूचना की गंभीरता को देखते हुए कंट्रोल रूम में तैनात महिला आरक्षक रजनी सोलंकी ने बिना एक पल का समय गंवाए तत्काल एफआरवी-10 (FRV 10) को अलर्ट किया और घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया।
*जान जोखिम में डालकर किया रेस्क्यू*
घटनास्थल पर स्थिति की नजाकत को भांपते हुए डायल 112 में तैनात प्रधान आरक्षक मोहम्मद अलताफ और पायलट जितेंद्र ने तुरंत मोर्चा संभाला। वहीं, थाना निंबोला से मदद के लिए पहुंचे प्रधान आरक्षक आनंद प्रधान, आरक्षक प्रधान बडोले एवं आरक्षक शिवकरण जमरे ने भी पुलिस टीम का साथ दिया।
गहरे पानी और विकट परिस्थितियों के बावजूद पूरी टीम ने असाधारण साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सुरक्षित बाहर निकाले गए व्यक्ति की पहचान सुधाकर महाजन (उम्र 60 वर्ष), निवासी जयराम वाटिका, बुरहानपुर के रूप में हुई।
सफलतापूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत बुजुर्ग के परिजनों से संपर्क कर उन्हें मौके पर बुलाया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन अपनों को सुरक्षित पाकर भावुक हो गए। संकट की इस घड़ी में डायल 112 की टीम द्वारा दिखाए गए त्वरित रिस्पॉन्स, साहस और जीवन रक्षक प्रयासों के लिए परिजनों ने पूरी पुलिस टीम का हृदय से धन्यवाद किया। इसके पश्चात परिजन बुजुर्ग को सकुशल अपने साथ घर ले गए।
पुलिस की इस मुस्तैदी और मानवीय पहल की स्थानीय नागरिकों एवं जिला पुलिस प्रशासन द्वारा भी सराहना की जा रही है।



