बुरहानपुर

*बुरहानपुर में गणेश विसर्जन को लेकर पुलिस सतर्क, शहर में निकाला फ्लैग मार्च CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी*

बुरहानपुर :- आगामी गणेश विसर्जन चल समारोह को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बुरहानपुर पुलिस ने अपनी तैयारियां पुख्ता कर ली हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का अहसास कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा शहर के संवेदनशील इलाकों में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान एसपी आशुतोष बागरी ने स्वयं विसर्जन मार्ग और सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

यह फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से प्रारंभ होकर फूल चौक, शनि मंदिर, भाई साहब की हवेली, पांडुमल चौराहा, कमल चौक, सिटी मॉल, शिवकुमार प्रतिमा, जय स्तंभ, मंडी चौक, सुभाष चौक और गांधी चौक होते हुए पुनः पुलिस कंट्रोल रूम पर संपन्न हुआ। फ्लैग मार्च में ए एसपी प्रदीप शेण्डे, सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह, डीएसपी सुनील दीक्षित, रक्षित निरीक्षक नितेश राठौर सहित कोतवाली, शिकारपुरा, गणपति नाका, लालबाग और यातायात थाने का पुलिस बल मौजूद रहा।

*ड्रोन से निगरानी और फिक्स पिकेट्स तैनात*
त्योहारों के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पूरे मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए जिले भर में फिक्स पिकेट्स लगाए गए हैं। इसके अलावा पुलिस की मोबाइल और बाइक पार्टियां लगातार शहर के कोने-कोने में गश्त कर रही हैं। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

*सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट की तो होगी सख्त कार्रवाई*
पुलिस की टेक्निकल टीम द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने, भ्रामक व आपत्तिजनक पोस्ट करने, उन्हें लाइक या फॉरवर्ड करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बुरहानपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे त्यौहारों को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की भ्रामक या भड़काऊ जानकारी पर ध्यान न दें और न ही उसे सोशल मीडिया पर साझा करें। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button