*बुरहानपुर शिकारपुरा पुलिस ने केबल चोरी के 3 शातिर चोरों को दबोचा अन्य थाना क्षेत्रों में हुई वारदातों का भी हुआ खुलासा*

बुरहानपुर:- शहर और आसपास के इलाकों में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। इसी कड़ी में थाना शिकारपुरा पुलिस ने केबल वायर चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया केबल वायर और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद कर लिए हैं।
शिकारपुरा क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संदिग्धों की धरपकड़ और मामलों के शीघ्र निपटारे के सख्त निर्देश दिए गए थे। एसपी आशुतोष बागरी के निर्देशन तथा ए एसपी प्रदीप कुमार सेंडे सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में थाना शिकारपुरा पुलिस ने एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया।
टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतारसी के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों से सघन पूछताछ शुरू की। इसी दौरान पुलिस को अपराध क्रमांक 329/2026 (धारा 303(2) बीएनएस) के मामले में सफलता मिली और तीन आरोपियों को धर दबोचा गया पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान संदीप कोली 25 वर्ष पिता कडू कोली, निवासी- महल गुराड़ा, थाना शिकारपुरा। दूसरा सुखदेव मोने 23 वर्ष पिता रमेश मोने, मूल निवासी- मदन महल जबलपुर हाल निवासी- सुभाष चौक, थाना कोतवाली। तीसरा शाहरुख 25 वर्ष पिता शेख फिरोज, निवासी- आजाद नगर, जिला बुरहानपुर पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किया गया केबल वायर और घटना में प्रयुक्त औजार जब्त किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 6 हज़ार बताई जा रही है।
पुलिस की कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपियों ने केवल शिकारपुरा ही नहीं, बल्कि जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी केबल वायर चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है। आरोपियों से मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस अब अन्य संबंधित थानों की चोरी की वारदातों से जुड़ी वैधानिक कार्रवाई और रिकवरी में जुट गई है। पुलिस को उम्मीद है कि इनसे पूछताछ में कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
इस पूरी कार्रवाई और केबल चोर गिरोह को बेनकाब करने में उप निरीक्षक जगदीश राठौर प्रधान आरक्षक गणेश पाटिल आरक्षक विनोद परिहार तथा आरक्षक दुर्गेश सोनी की विशेष व सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता पर क्षेत्र के नागरिकों ने भी राहत की सांस ली है।



