*विशेष दिव्यांग बच्चों ने भाषण और चित्रकला से दिया संदेश ‘ऐसा हो मेरे सपनों का भारत*

बुरहानपुर :- देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बुरहानपुर स्थित जायंट्स चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित मूक-बधिर एवं अंध विद्यालय में भारतीय जनता पार्टी जिला बुरहानपुर के निर्देशानुसार भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई।
इस प्रतियोगिता में विद्यालय के विशेष दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने चित्रकला और भाषण के माध्यम से देश की युवा पीढ़ी की सोच को रेखांकित करते हुए यह दर्शाया कि वे भविष्य में भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं। मूक-बधिर एवं दृष्टिबाधित विद्यार्थियों की इन मनमोहक और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद सभी अतिथियों और दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा मीडिया प्रभारी मुकेश पूर्वे, मंडल अध्यक्ष रवि काकड़े, पूर्व पार्षद एवं चेयरमैन किशोर राठौड़, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता किशोर कामठे तथा संजय यावलकर उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा और उनकी सोच देश के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है।
प्रतियोगिता के समापन पर भाग लेने वाले सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह के हस्ताक्षर युक्त राज्य स्तरीय प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जायंट्स चैरिटेबल ट्रस्ट मूक-बधिर अंध विद्यालय के अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल, सचिव महेंद्र जैन सहित विद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा। संस्था के पदाधिकारियों ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और बच्चों के इस प्रयास को निरंतर प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया।



