*सेवा संकल्प अभियान नगर निगम परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में 40 यूनिट रक्त संगृहीत, युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह*

बुरहानपुर :- मानवता की सेवा और जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने के पावन संकल्प के साथ बुरहानपुर नगर निगम कार्यालय परिसर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत एक दिवसीय रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। जिला स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित यह शिविर सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक सहभागिता का अनूठा उदाहरण बना, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
महापौर माधुरी अतुल पटेल के विशेष आह्वान पर आयोजित इस शिविर में नगर निगम के पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और शहर के युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर का मुख्य आकर्षण 21 वर्षीय एक युवा रहा, जिसने अपने जीवन में पहली बार रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। पहली बार रक्तदान करने वाले इस युवा का उत्साह अन्य नवयुवकों के लिए प्रेरणादायी सिद्ध हुआ। युवाओं की यह बढ़ती भागीदारी समाज में मानव सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के प्रति एक अत्यंत सकारात्मक संदेश देती है।
कार्यक्रम के दौरान महापौर माधुरी अतुल पटेल ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी असहाय मरीज को नया जीवन देने का पवित्र मानवीय संकल्प है। सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को गहराई से स्थापित करना है। शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे महादान बताया।
इस अवसर पर पूर्व महापौर अतुल पटेल, निगम अध्यक्ष अनिता अमर यादव, एमआईसी चेयरमैन भारत इंगले, नितेश रोशन दलाल, महेंद्र इंगले, संभाजी सगरे, अमरिन एजाज असरफी, पार्षद इस्माइल अंसारी, सरला अशोक महाजन, स्वाति हेमंत महाजन सहित प्रशासनिक स्तर पर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री प्रेम कुमार साहू, सहायक यंत्री अशोक पाटिल, गोपाल महाजन, लेखा अधिकारी विक्रम पोरवाल, कार्यालय अधीक्षक संदीप तिवारी, जनसंपर्क अधिकारी हरिश मोरे और निगम सचिव संजय शाह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
शिविर के सफल समापन पर नगर निगम प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम, सभी रक्तदाताओं, जनप्रतिनिधियों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार प्रकट किया गया। नगर निगम का यह प्रयास जनकल्याण और मानव सेवा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित हुआ



