बुरहानपुर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुसार प्रशासनिक व्यवस्था को गांव-गांव तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से संचालित ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ के तहत शुक्रवार को बुरहानपुर की ग्राम पंचायत गढ़ताल में पांचवां जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। फोरेस्ट चौकी परिसर में आयोजित इस चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
इस अवसर पर बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस, कलेक्टर हर्ष सिंह, जिला पंचायत सीईओ व एडीएम सृजन वर्मा, डीएफओ विद्याभूषण सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
**45 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात**
चौपाल को संबोधित करते हुए विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री अधोसंरचना अंतर्गत ग्राम बसाली में 10 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण, सोलाबर्डी में 10 लाख रुपये से पुलिया निर्माण तथा अनुसूचित जनजाति बस्ती विकास योजना के तहत 10 लाख रुपये की सीमेंट-कृत सड़क का भूमिपूजन किया। ग्रामीणों की आवागमन सुगमता को देखते हुए उन्होंने गाड़ा घाट पर 25 लाख रुपये की लागत से नई पुलिया निर्माण की घोषणा की। साथ ही भूरापानी पहुंच मार्ग पर स्टॉप डेम कम काजवे निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
**प्राकृतिक खेती और जन-कल्याण पर जोर**
कलेक्टर हर्ष सिंह ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्हें प्राकृतिक खेती अपनाने और आय के नए स्रोत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गांव में राशन वितरण और फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा की। कलेक्टर ने पशुपालन विभाग को नियमित टीकाकरण और सामाजिक सुरक्षा पेंशन के शत-प्रतिशत सत्यापन के कड़े निर्देश दिए।
**मैदानी निरीक्षण और स्टॉलों का आयोजन**
शिविर केवल शिकायतों के निपटारे तक सीमित नहीं रहा। जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव की शासकीय राशन दुकान और स्कूल का औचक निरीक्षण कर खाद्यान्न गुणवत्ता, स्टॉक रजिस्टर और शैक्षणिक माहौल का जायजा लिया।
कृषि विभाग द्वारा किसानों को जीवामृत बनाने का सजीव प्रदर्शन कर प्रशिक्षित किया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य, आयुष, आधार/समग्र आईडी अपडेट, महिला एवं बाल विकास (पोषण प्रदर्शनी) तथा उद्यानिकी विभाग के स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सीधा लाभ पहुंचाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा जी के जीवन पर आधारित एक लघु फिल्म भी देखी। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय किसानों के खेतों और घरों पर पहुंचकर जमीनी स्थिति का अनुभव किया।