*समय सीमा बैठक में विभागवार समीक्षा सूचना तंत्र मजबूत करें और तत्काल कार्रवाई करें कलेक्टर विवेक कुमार के सख्त निर्देश*

बुरहानपुर :- संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर विवेक कुमार ने अधिकारियों को अपना सूचना तंत्र मजबूत रखने और सक्रिय रहकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी विभागीय वार्षिक लक्ष्यों के साथ मासिक टारगेट तय कर ठोस कार्ययोजना बनाएं और उसी के अनुरूप काम करें।
बैठक में विकास कार्यों से जुड़े भू-अर्जन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारियों से वस्तुस्थिति जानी और इन्हें विशेष प्राथमिकता से निपटाने को कहा। सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर उन्होंने गंभीरता से तथ्यों और नियमों के आधार पर संतुष्टिपूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। कम प्रगति वाले विभागों की रोजाना समीक्षा करने तथा सीमांकन प्रकरणों को शीघ्र सुलझाने पर भी जोर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी और आयुष्मान योजना में प्रगति कम होने पर आयुष्मान नोडल को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में बच्चों के पोषण स्तर और टेक होम राशन वितरण का जायजा लिया गया तथा नेपानगर क्षेत्र में प्रगति न मिलने पर संबंधित को नोटिस देने के आदेश दिए। मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के निर्देश भी दिए गए।
युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जिले के सभी स्कूल-कॉलेजों में समितियां बनाकर जागरूकता गतिविधियां चलाने तथा छात्रावासों में पुलिस बारकोड लगाने के निर्देश दिए गए। छात्रावास निरीक्षण, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, परख निरीक्षण रिपोर्ट और पेयजल आपूर्ति की भी समीक्षा हुई। आगामी मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर की तैयारी समय पर पूरी करने के साथ ही ‘नीति चिंतन 2026’ के तहत समृद्ध मध्यप्रदेश @2047 के आठ स्तंभों व आठ मॉड्यूल पर सुझाव भेजने के निर्देश दिए गए। बैठक में डीएफओ श्री विद्याभूषण सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




