*संकरी गलियों में भी आसान होगी नालों की सफाई, नगर निगम को मिली नई मिनी पोकलेन*

बुरहानपुर :- नगर पालिक निगम बुरहानपुर द्वारा शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। शहर के तंग और संकरे इलाकों में नालों की बेहतर सफाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम को मिली नवीन मिनी पोकलेन क्रेन का शुभारंभ महापौर माधुरी अतुल पटेल एवं निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महापौर एवं आयुक्त ने मशीन का बारीकी से निरीक्षण कर उसकी कार्यक्षमता की जानकारी ली तथा स्वच्छता विभाग के अधिकारियों को इसका समुचित उपयोग करने के निर्देश दिए।
*संकरे क्षेत्रों के लिए कारगर साबित होगी मशीन*
शहर के कई पुराने और घनी आबादी वाले इलाकों में संकरी गलियों व कम जगह के कारण बड़ी जेसीबी मशीनें नहीं पहुंच पाती थीं। इस वजह से वहां नालों की सफाई हाथ से या पारंपरिक तरीकों से करनी पड़ती थी। नवीन मिनी पोकलेन अपनी छोटी और सुगम संरचना के कारण संकरी सड़कों तथा तंग नालों तक आसानी से पहुंचकर गाद कचरा एवं अन्य अवरोधों को तुरंत साफ कर सकेगी। इससे बारिश के दिनों में होने वाली जलभराव की समस्या से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
*जनहित में नगर निगम की प्राथमिकता*
महापौर माधुरी अतुल पटेल ने कहा कि शहर की स्वच्छता और बेहतर जल निकासी नगर निगम की पहली प्राथमिकता है। जहां बड़ी मशीनें नहीं पहुंच पाती थीं, वहां मिनी पोकलेन से सफाई कार्य को गति और प्रभावशीलता मिलेगी।
निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर संकीर्ण और कठिन स्थलों पर इस मशीन को तैनात किया जाएगा, जिससे समय की बचत होगी और सफाई कार्य अधिक व्यवस्थित ढंग से हो सकेगा आधुनिक संसाधनों के इस समावेश से बुरहानपुर को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त बनाने के प्रयासों को एक नई दिशा मिलेगी।



