*जयसिंगपुरा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई 15 वर्षीय किशोरी का बाल विवाह समय रहते रुकवाया*

बुरहानपुर :- जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला प्रशासन ने मंगलवार को ग्राम जयसिंगपुरा में एक बाल विवाह समय रहते रुकवा दिया। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम की तत्परता से 15 वर्षीय किशोरी को बाल विवाह होने से बचाया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभांगी मुजुमदार के अनुसार, खरगोन जिले के ग्राम भोपाड़ा की रहने वाली 15 वर्षीय बालिका का विवाह बुरहानपुर के ग्राम जयसिंगपुरा निवासी 22 वर्षीय युवक के साथ होना तय था। बाल विवाह की गोपनीय सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आया और टीम ने तत्काल ग्राम जयसिंगपुरा पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर पहुंची टीम ने बालिका के परिजनों से संवाद कर उन्हें बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया और समझाइश दी। अधिकारियों ने परिजनों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों की स्पष्ट जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की और 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह कराना कानूनन दंडनीय अपराध है। इसमें शामिल पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई हो सकती है। परिजनों द्वारा समझाइश स्वीकार किए जाने के बाद विवाह की प्रक्रिया को रोक दिया गया।
उल्लेखनीय है कि जिले में कलेक्टर विवेक कुमार के मार्गदर्शन में ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर तक विशेष बाल विवाह रोको अभियान संचालित किया जा रहा है। इस दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सहायक संचालक विजय सिंह सोलंकी, बुरहानपुर तहसीलदार, शिकारपुरा थाने के उपनिरीक्षक रजनीश उपाध्याय, स्थानीय पुलिस बल और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




