बुरहानपुर

*लैंगिक हिंसा के विरुद्ध बुरहानपुर पुलिस का 16 दिवसीय अभियान शुरू, पहले दिन खकनार में छात्राओं को मिली सुरक्षा की अहम जानकारी*

बुरहानपुर :- महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा लैंगिक हिंसा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुरहानपुर पुलिस ने 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक 16 दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत की है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का संचालन एसपी आशुतोष बागरी के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इसके तहत जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूल-कॉलेजों, छात्रावासों एवं संवेदनशील स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।

अभियान के पहले दिन बुधवार को थाना खकनार प्रभारी निरीक्षक ज्ञानू जायसवाल ने शासकीय कन्या शाला खकनार में कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को जागरूक किया। छात्राओं को गुड टच-बैड टच का अंतर समझाते हुए किसी भी असहज स्थिति पर चुप न रहने और तुरंत माता-पिता, शिक्षक या विश्वसनीय व्यक्ति को बताने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पॉक्सो (POCSO) अधिनियम सहित लैंगिक अपराधों से बचाव के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, अनजान लिंक से बचने तथा ओटीपी व बैंक विवरण साझा न करने जैसे साइबर सुरक्षा उपायों पर भी जोर दिया गया। ऑनलाइन ठगी होने पर साइबर हेल्पलाइन 1930 और किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 के उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई। इसके अलावा दोपहिया वाहनों पर हेलमेट पहनने सहित यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया गया।

अगले 16 दिनों तक जिले में सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और शिकायत दर्ज कराने को लेकर विविध आयोजन होंगे। बुरहानपुर पुलिस ने अभिभावकों, शिक्षकों और नागरिकों से महिला-बाल सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी मानकर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button