*विवाह समारोहों को लेकर पुलिस सख्त मैरिज गार्डन संचालकों को सीसीटीवी, पार्किंग और सुरक्षा के कड़े निर्देश*
बुरहानपुर :- आगामी विवाह समारोहों के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बुधवार को मैरिज गार्डन संचालकों की बैठक आयोजित की गई। एसपी आशुतोष बागरी ने संचालकों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में ए एसपी प्रदीप शेण्डे, सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह, विभिन्न थाना प्रभारी और मैरिज गार्डन संचालक मौजूद थे।
एसपी ने कहा कि शादियों में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, इसलिए सुरक्षा व यातायात प्रबंधन में विशेष सतर्कता जरूरी है। उन्होंने सभी संचालकों को प्रवेश-निकास द्वार, पार्किंग और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने, उन्हें चालू रखने तथा रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। मेहमानों के वाहनों के लिए परिसर के भीतर या निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित पार्किंग बनाने को कहा गया, ताकि मुख्य मार्ग और सार्वजनिक सड़कों पर जाम या आम नागरिकों को असुविधा न हो।
बड़े आयोजनों के दौरान भीड़ और प्रवेश-निकास व्यवस्था संभालने के लिए पर्याप्त सुरक्षा गार्ड तैनात रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने पर जोर दिया गया। संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, समय-सीमा और प्रशासनिक नियमों का पालन करने को कहा गया। अंत में एसपी ने अपील की कि सुरक्षा व यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस, आयोजकों और संचालकों की सामूहिक जिम्मेदारी है, इसलिए सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन करें।



