*स्मार्ट मीटर शिकायतों का हो त्वरित समाधान ओवरलोड ट्रांसफार्मरों पर करें तत्काल कार्रवाई- कलेक्टर विवेक*

बुरहानपुर :- जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं देने के उद्देश्य से बुधवार को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर विवेक कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने जिले की समग्र विद्युत व्यवस्था, विभागीय कार्यों और चल रही योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर कुमार ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्मार्ट मीटर या बिलिंग से जुड़ी जो भी शिकायतें उपभोक्ताओं द्वारा दर्ज कराई जा रही हैं, उनका नियमानुसार त्वरित और संतोषजनक निराकरण किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। कलेक्टर ने घरेलू और औद्योगिक विद्युत उपभोक्ताओं पर लागू बिजली दरों की स्थिति की जानकारी भी ली तथा विभागीय नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
कर्मचारी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विभाग में कार्यरत नियमित, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों की पदस्थापना तथा नियुक्ति की अद्यतन स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ट्रांसफार्मरों की कार्यशील स्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी ट्रांसफार्मर में खराबी या तकनीकी समस्या आने पर तत्काल सुधार दल को मौके पर भेजा जाए, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित न हो।
कलेक्टर ने बकाया बिजली बिलों की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में विद्युत लाइनों या ट्रांसफार्मरों पर ओवरलोड की समस्या सामने आए, वहां ट्रांसफार्मरों की जांच कराकर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। बैठक में विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री मालवीय सहित अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



