बुरहानपुर

*नवीन बी-पैक्स समितियों के सुचारू संचालन और सहकारिता को सशक्त बनाने पर कलेक्टर ने दिए निर्देश*

बुरहानपुर:- कलेक्टर विवेक कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सहकारी विकास समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की सहकारी व्यवस्था को और अधिक मजबूत तथा आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान पुनर्गठन के माध्यम से गठित की गई 12 नवीन बी-पैक्स प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के सुचारू संचालन पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने इन समितियों के प्रभावी कामकाज के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण स्तर पर किसानों को समय पर सुविधाएं और सेवाएं मिल सकें।

सहकारी समितियों की आय में वृद्धि और उनके आर्थिक सुदृढ़ीकरण के लिए जनऔषधि केंद्रों तथा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के समुचित संचालन पर भी विमर्श किया गया। इन केंद्रों के माध्यम से आम नागरिकों को सस्ती दवाइयां और डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ समितियों के लाभांश को बढ़ाने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।

इसके अतिरिक्त बैठक में मत्स्य एवं दुग्ध सहकारी समितियों को अधिक सशक्त व प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। इनके माध्यम से सहकारी गतिविधियों को बढ़ावा देकर संबंधित क्षेत्रों से जुड़े लोगों की आजीविका सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।

इस बैठक में उपायुक्त सहकारिता, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, कृषि, खाद्य, पशुपालन और मत्स्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही जिला दुग्ध संघ और स्टेट वेयरहाउस के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लेकर अपने सुझाव व जानकारी साझा की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button