*जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में एएमआर जागरूकता पर प्रशिक्षण आयोजित संक्रमण नियंत्रण व स्वच्छता पर दिया जोर*

बुरहानपुर:- जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में सोमवार को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) जागरूकता अभियान के अंतर्गत हाथों की स्वच्छता एवं संक्रमण नियंत्रण विषय पर एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘स्वच्छ हाथ, सुरक्षित उपचार और संक्रमण मुक्त अस्पताल, एएमआर की रोकथाम में, हम सभी की भागीदारी जरूरी’ संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अस्पताल परिसर में संक्रमण के प्रसार को रोकना और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और अधिक सुरक्षित बनाना रहा।
प्रशिक्षण सत्र में मेडिकल एवं सर्जिकल वार्ड के नर्सिंग ऑफिसर इंचार्ज, कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर्स तथा बिम्स नर्सिंग कॉलेज झिरी के नर्सिंग ट्रेनिंग स्टूडेंट्स ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को उपचार व देखभाल के दौरान हाथों की स्वच्छता के वैज्ञानिक तरीकों, संक्रमण नियंत्रण के प्रोटोकॉल तथा अस्पताल में क्रॉस-इंफेक्शन से बचाव के व्यावहारिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के साथ-साथ नर्सिंग विद्यार्थियों ने अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाया। विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टर और बैनर के माध्यम से आमजन को एंटीबायोटिक दवाओं के सही व चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार उपयोग, अधूरा कोर्स न छोड़ने, व्यक्तिगत स्वच्छता और एएमआर की रोकथाम के महत्व के बारे में सरल भाषा में समझाया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. वर्मा ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य संक्रमण के प्रसार को रोकना, मरीजों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा एंटीबायोटिक के अनावश्यक उपयोग से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि एएमआर की चुनौती से निपटने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों के साथ-साथ समाज की सामूहिक भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर क्वालिटी प्रबंधक डॉ. भरत चौधरी एवं उनकी टीम, प्रभारी मैट्रन कृष्णा चौहान, समस्त वार्ड नर्सिंग ऑफिसर इंचार्ज, नर्सिंग ऑफिसर्स तथा नर्सिंग विद्यार्थी उपस्थित रहे।




