*गन्ना कटाई मजदूर दिलाने के बहाने जंगल में लूट करने वाला 5 हजार का इनामी बदमाश औरंगाबाद से गिरफ्तार*

बुरहानपुर :- निंबोला थाना पुलिस ने लूट के एक पुराने मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को महाराष्ट्र के औरंगाबाद से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को पकड़ने के बाद न्यायालय में पेश किया गया है।
एसपी आशुतोष बागरी के निर्देश तथा ए एसपी प्रदीप शेण्डे, सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह और एसडीओपी नेपानगर जयराम सोलंकी के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में निंबोला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अजय सिंह चौहान के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना और साइबर सेल की मदद से आरोपी सुनील पिता केलसिंग भास्कर (36), निवासी सराय उतांबी, थाना निंबोला को औरंगाबाद से दबोचा। एसपी द्वारा इस आरोपी की गिरफ्तारी पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
महाराष्ट्र के बीड जिले के खडकी घाट निवासी फरियादी शशिकांत पिता रविन्द्र पाटील (40) ने 12 नवंबर 2025 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, शशिकांत अपने मित्र शिवशंकर विठ्ठल जंगले और सत्यम पोपट वाघमारे के साथ 25 अक्टूबर 2025 को गन्ना कटाई के मजदूर लेने बुरहानपुर के खातला फाटा आए थे। आरोपियों ने मजदूर दिलवाने का झांसा दिया और उन्हें होटल से करीब 10 से 15 किलोमीटर दूर खातला फाटे के पास जंगल में ले गए। वहां गाड़ियां रोककर आरोपियों ने तीनों के साथ मारपीट की और सामान छीन लिया।
इस मामले में निंबोला थाने में अपराध क्रमांक 380/25 के तहत बीएनएस की धारा 309(6) और 318(4) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इससे पहले इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अजय सिंह चौहान के साथ प्रआर देवेन्द्र पवार, प्रआर आनंद श्रीवास, आरक्षक शिवकरण जमरे और साइबर सेल आरक्षक दुर्गेश पटेल की सराहनीय भूमिका रही।




