*बुरहानपुर में विकास कार्यों की समीक्षा जल्द बनेगा नया नगर निगम भवन, परिसर में लगेगी अटल जी की प्रतिमा*

बुरहानपुर :- बुरहानपुर में शहर के विकास कार्यों और आगामी परियोजनाओं को लेकर महापौर माधुरी अतुल पटेल ने नगर निगम के विभागीय अधिकारियों के साथ मंगलवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की कई प्रमुख परियोजनाओं को गति देने और गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए।
*नया नगर निगम भवन और अटल जी की प्रतिमा:*
बैठक का मुख्य बिंदु नवीन नगर निगम कार्यालय भवन का निर्माण रहा। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए भवन के निर्माण हेतु निविदा (टेंडर) आमंत्रित करने की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि निर्माण कार्य समय पर शुरू हो सके। इसके साथ ही, निगम परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा की स्थापना को लेकर भी चर्चा हुई। प्रतिमा और उसके पेडेस्टल (चबूतरे) निर्माण के लिए टेंडर की कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है।
*सड़क चौड़ीकरण और डामरीकरण*
रोकड़िया हनुमान मंदिर रोड पर लगभग 70 लाख रुपये की लागत से होने वाले डामरीकरण और सड़क चौड़ीकरण कार्य की भी समीक्षा की गई। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द सीमांकन कराकर कार्य शुरू किया जाए और निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा हो, ताकि नागरिकों को आवागमन में कोई असुविधा न हो। इसके अलावा, सिंधी बस्ती चौराहे के चौड़ीकरण को लेकर भी चर्चा हुई। चौराहे पर बाधक बन रहे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई चल रही है, जिसे नियमानुसार तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके।
*रेन वाटर हार्वेस्टिंग कार्य में लापरवाही पर सख्ती*
इंद्रा कॉलोनी में निर्माणाधीन कम्युनिटी रेन वाटर हार्वेस्टिंग कार्य में एजेंसी द्वारा बरती जा रही अनियमितताओं पर महापौर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि त्रुटिपूर्ण तरीके से लगाए गए ब्लॉकों को तकनीकी मानकों के अनुसार फिर से ठीक किया जाए और चेंबरों का लेवल सही किया जाए। महापौर ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, पूर्व महापौर अतुल पटेल सहित निगम के अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।




