*परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने ओवरलोडिंग एवं वैध दस्तावेजों के बिना संचालित वाहनों पर कार्रवाई के दिए निर्देश*

बुरहानपुर :- कलेक्टर विवेक कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में परिवहन विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय राजस्व वसूली, वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्य एवं वसूली की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर कुमार ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि ओवरलोडिंग वाहनों तथा वैध दस्तावेजों के बिना एवं नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के विरुद्ध नियमित रूप से संयुक्त जांच अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में ओवरलोडिंग की समस्या को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने तथा संबंधित ठेकेदारों की बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में नवीन वाहन पंजीयन, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन चेकिंग, जांच कार्रवाई एवं शिविरों सहित परिवहन विभाग की विभिन्न गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्धारित राजस्व वसूली लक्ष्य की पूर्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई करते हुए वसूली की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
इस दौरान क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी गुप्ता ने विभागीय कार्यों एवं की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा लगातार जांच एवं कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में बुधवार को भी 12 ऑटो रिक्शा, 1 टाटा मैजिक वाहन की जांच कर उन्हें जब्त किया गया वही पूर्व में जब्त एक ट्रक से 40 हजार रूपये का शमन शुल्क भी वसूल किया गया। बैठक में विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




