*सामाजिक न्याय विभाग की समीक्षा बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन एवं विभागीय गतिविधियों की समीक्षा*

बुरहानपुर :- सामाजिक न्याय विभाग के कार्यों एवं विभाग अंतर्गत संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न शासकीय योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्टर विवेक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर कुमार ने दिव्यांगजनों एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी लेते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विभागीय कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की।
इस दौरान विभागीय अधिकारी दुबे ने पीपीटी के माध्यम से विभाग की कार्यप्रणाली, योजनाओं की प्रक्रिया, विभागीय पोर्टल एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की। कलेक्टर कुमार ने निर्देश दिए कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक सुनिश्चित रूप से पहुंचे। इसके लिए योजनाओं का प्रचार-प्रसार करते हुए जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं, ताकि पात्र हितग्राही योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ ले सकें।
बैठक में दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के संचालन, जिले में दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा उनके कल्याण एवं पुनर्वास के लिए किए जा रहे कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।




