*बुरहानपुर जिला अस्पताल में रात के अंधेरे में ‘रेफर खेल’गर्भवती महिलाओं को डराकर निजी अस्पतालों में भेजने का आरोप एमआईएम ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन*

बुरहानपुर :- मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिला अस्पताल से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां प्रसूति वार्ड में भर्ती होने वाली गर्भवती महिलाओं को रात के समय डॉक्टरों द्वारा जानबूझकर गंभीर स्थिति बताकर खंडवा मेडिकल कॉलेज या निजी अस्पतालों में रेफर किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस गंभीर लापरवाही और संभावित सांठगांठ के खिलाफ एआईएमआईएम (AIMIM) के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार को एक ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में विस्तार से आरोप लगाया गया है कि जिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड में आने वाली गरीब और जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं को रात के करीब 11 से 12 बजे के बाद अक्सर यह कहकर डराया जाता है कि उनका रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) बढ़ गया है और स्थिति बेहद गंभीर है। परिजनों को यह कहकर तत्काल खंडवा या अन्य निजी चिकित्सा संस्थानों में जाने के लिए मजबूर किया जाता है। इसके बाद, मजबूरन इन गरीब परिवारों को महंगे निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है, जहां इलाज और बिजनेस के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूली जाती है।
इस तरह की घटनाएं जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रसूति विभाग की कार्यप्रणाली पर बहुत बड़े सवालिया निशान खड़े करती हैं। संगठन ने मांग की है कि मरीजों को गुमराह करने के बजाय उनकी वास्तविक स्वास्थ्य स्थिति और रिपोर्ट के आधार पर ही पारदर्शिता के साथ निर्णय लिया जाना चाहिए।
एमआईएम जिला अध्यक्ष डॉक्टर जीशान खान ने कहा की रात के समय मरीजों को बेवजह रेफर करने और निजी अस्पतालों की ओर धकेलने वाले मामलों की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच हो प्रसूति विभाग में पर्याप्त डॉक्टरों की तैनाती हो ताकि समय पर सही इलाज मिल सके रात के वक्त वार्ड में डॉक्टरों और आवश्यक मेडिकल स्टाफ की पुख्ता मौजूदगी सुनिश्चित की जाए यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता या निजी अस्पतालों से मिलीभगत पाई जाती है, तो संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
गरीब और कमजोर वर्ग की गर्भवती महिलाओं को जिला अस्पताल के भीतर ही सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जाएं।
पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी कलेक्टर राजेश पाटीदार ने ज्ञापन स्वीकार किया है और आश्वासन दिया है कि संगठन द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं की गहनता से जांच कराई जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई डॉक्टर या कर्मचारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बुरहानपुर के आम नागरिकों और पीड़ित परिवारों की निगाहें अब जिला प्रशासन की इस आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।




