*बुरहानपुर में छात्रावासों और आश्रमों की व्यवस्थाओं पर पैनी नजर, कलेक्टर के निर्देश पर नोडल अधिकारियों ने शुरू किया औचक निरीक्षण*

बुरहानपुर :- बुरहानपुर जिले में ग्रामीण और जनजातीय अंचलों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर और सुविधाएं प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप, समाज के हर वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए संचालित छात्रावासों और आश्रमों की नियमित निगरानी शुरू कर दी गई है।
कलेक्टर विवेक कुमार के विशेष निर्देशों के बाद, जिले में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी छात्रावासों व आश्रमों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन सभी अधिकारियों को अलग-अलग छात्रावास आवंटित किए गए हैं, जिनके जरिए वे व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
निर्धारित नोडल अधिकारियों द्वारा इन संस्थानों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारी विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर रहे हैं और उन्हें शासन की योजनाओं का पूरा लाभ, छात्रवृत्ति, भोजन, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर मिल रही हैं या नहीं, इसकी पूरी जमीनी हकीकत परख रहे हैं।

प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को बेहतर और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिल सके, ताकि उनकी पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए। कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने सभी नियुक्त नोडल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने आवंटित छात्रावासों का नियमित रूप से निरीक्षण करें और व्यवस्थाओं की वस्तुस्थिति से जुड़ा विस्तृत प्रतिवेदन समय पर प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन के इस कदम से छात्रावासों की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और सुधार की उम्मीद की जा रही है।




