*बुरहानपुर एसपी आशुतोष बागरी ने किया रेणुका पुलिस लाइन का निरीक्षण व्यवस्थाओं का लिया जायजा*

बुरहानपुर:- नवंबर माह में संभावित पुलिस महानिरीक्षक, इंदौर (ग्रामीण) ज़ोन अनुराग के वार्षिक निरीक्षण दौरे को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को बुरहानपुर एसपी आशुतोष बागरी ने रेणुका पुलिस लाइन का औचक एवं विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण की शुरुआत में एसपी ने पुलिस लाइन स्थित ‘दिशा लर्निंग सेंटर’ का अवलोकन किया। उन्होंने वहां अध्ययनरत युवाओं के लिए उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं, संसाधनों और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से जानकारी ली। इसके पश्चात डीआरपी लाइन की समस्त शाखाओं का निरीक्षण किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था और जवानों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए एसपी आशुतोष बागरी ने एस.एफ. कंपनी बैरक का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जवानों के आवासीय परिसरों, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति को परखा। साथ ही पुलिस ग्राउंड का निरीक्षण कर खेलकूद, शारीरिक प्रशिक्षण (फिजिकल ट्रेनिंग) और अनुशासन से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण का सबसे महत्वपूर्ण पहलू पुलिस परिवारों से सीधा संवाद रहा। एसपी ने पुलिस लाइन में निवासरत परिवारों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना। कई समस्याओं का मौके पर ही संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित और प्रभावी समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस पूरे निरीक्षण के दौरान रक्षित निरीक्षक नितेश राठौर, एमटीओ महेंद्र राय सहित पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उच्चाधिकारियों के संभावित दौरे से पहले पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए यह निरीक्षण बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




