*बुरहानपुर एमागिर्द पंचायत के लोधीपुरा में कचरे के ढेर से त्रस्त जनता आवारा मवेशियों और दुर्गंध से संक्रमण का खतरा*
बुरहानपुर :- बुरहानपुर जिले की एमागिर्द पंचायत के अंतर्गत आने वाले लोधीपुरा वार्ड क्रमांक 1 और ऐतिहासिक दरगाह ए हकीमी के पीछे इन दिनों कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं। कई दिनों से कचरा नहीं उठाए जाने के कारण पूरे इलाके में गंभीर स्थिति पैदा हो गई है।
कचरे के ढेरों पर मंडरा रहे आवारा मवेशी लगातार कचरे को फैला रहे हैं, जिससे मुख्य सड़कों और रास्तों पर गंदगी का अंबार लग गया है। इस सड़ते कचरे से उठने वाली भीषण दुर्गंध के कारण स्थानीय रहवासियों का जीना मुहाल हो गया है और इलाके में बीमारियों का संक्रमण फैलने का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है।
दूसरी ओर, इस पवित्र दरगाह पर देश-विदेश से जियारत करने आ रहे अकीदतमंदों और श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत की इस गंभीर लापरवाही और उदासीनता के कारण लोगों में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द से जल्द सफाई अभियान चलाने और इस समस्या से निजात दिलाने की पुरजोर मांग की है।




