*बुरहानपुर में ‘मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान’ शिविर में एक ही छत के नीचे मिलीं शासकीय सेवाएं, संबल योजना के हितग्राहियों को मिला लाभ*

बुरहानपुर :- बुरहानपुर में नागरिकों को शासकीय सेवाएं सुगमता और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लालबाग स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज मंगल कार्यालय में ‘मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान’ के तहत एक विशाल शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रशासन और आम जनता के बीच एक मजबूत सेतु का काम कर रहा है, जहां एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ मिला।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक अर्चना चिटनिस, महापौर माधुरी पटेल, नगर निगम अध्यक्ष अनिता यादव, कलेक्टर विवेक कुमार और पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि शासन हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्लास्टिक का उपयोग बंद करें, कपड़े की थैलियों को अपनाएं और स्वच्छता बनाए रखने के लिए गीला व सूखा कचरा अलग-अलग दें।

कलेक्टर विवेक कुमार ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए बच्चों को शिक्षित करने की बात कही। वहीं, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने बाल विवाह की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन और थानों में क्यूआर कोड के जरिए आसानी से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत 8 पात्र हितग्राहियों को लगभग 20 लाख रुपये के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। साथ ही, लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी योजना की बालिकाओं व महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। शिविर में आधार, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।




