*ईमानदार हैं तो पूरे प्रदेश में लागू करें पूर्ण शराबबंदी अजय सिंह रघुवंशी का भाजपा सरकार पर तीखा हमला*

बुरहानपुर :- प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव और इंदौर के कांग्रेस प्रभारी अजय सिंह रघुवंशी ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पूरे प्रदेश में भाजपा नेताओं के सिंडिकेट और उनके ठेकेदार ही अवैध शराब के असली माफिया बन चुके हैं।
रघुवंशी ने कहा कि एक ही ठेके के नाम पर कई जिलों में अवैध शराब का काला कारोबार धड़ल्ले से चलाया जा रहा है। सरकार के संरक्षण के बिना कोई भी ठेकेदार इस तरह का कारोबार संचालित नहीं कर सकता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज सत्ता में बैठे बड़े नेता खुद इस माफिया नेटवर्क का हिस्सा बन चुके हैं, जो अब किसी से छिपा नहीं है।
सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि भाजपा सरकार की नीयत वास्तव में साफ है और वह जनता की भलाई चाहती है, तो उसे तुरंत पूरे प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू करनी चाहिए। इस कदम पर कांग्रेस पार्टी पूरी तरह सरकार के साथ खड़ी नजर आएगी।
हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि भाजपा ऐसा कभी नहीं करेगी, क्योंकि उसकी कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार जनता की सेवा करने के बजाय उनका शोषण करने में जुटी है।
अजय सिंह रघुवंशी ने एक बार फिर कड़े शब्दों में मांग दोहराई है कि जनता के स्वास्थ्य और भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में बिना किसी देरी के पूर्ण शराबबंदी लागू की जाए, ताकि अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।



