बुरहानपुर

*बुरहानपुर कलेक्टर विवेक कुमार ने ग्राम अंबा में किया औचक निरीक्षण खुद ब्लैकबोर्ड पर बच्चों को पढ़ाया गणित*

बुरहानपुर :- कलेक्टर विवेक कुमार ने ‘जनविश्वास अभियान’ के तहत शुक्रवार को बुरहानपुर जिले के ग्राम अंबा का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय प्राथमिक और हाईस्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर तथा मलगांव फलाया पहुंचकर जमीनी विकास कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

दौरे की शुरुआत में कलेक्टर सीधे ग्राम अंबा की प्राथमिक शाला पहुंचे, जहां उन्होंने कक्षा तीसरी के बच्चों के बीच बैठकर गणित की क्लास ली। उन्होंने विद्यार्थियों को पहाड़े याद रखने के सरल तरीके बताए और ब्लैकबोर्ड पर जोड़-गुणा के सवाल हल करवाए। इस दौरान छात्रा रूपा ने आत्मविश्वास के साथ बोर्ड पर सवाल हल किए, जिससे प्रसन्न होकर कलेक्टर ने उसका उत्साहवर्धन किया और सभी बच्चों को नियमित अध्ययन करने की प्रेरणा दी।

प्राथमिक शाला के बाद उन्होंने ग्राम अंबा के हाईस्कूल का औचक निरीक्षण किया। कक्षाओं में पहुंचकर उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता पर चर्चा की तथा छात्र-छात्राओं को अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की समझाइश दी। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय परिसर में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र का भी अवलोकन किया।


भ्रमण के अगले चरण में कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर (स्वास्थ्य केंद्र) पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने दैनिक पंजी और दवाइयों की उपलब्धता की जांच की तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और रिकॉर्ड के भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए। इसके अलावा, वे मुख्य गांव से करीब 7 किलोमीटर दूर मलगांव फलाया भी पहुंचे और वहां के रहवासियों से संवाद कर उनकी आजीविका व रोजगार के साधनों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं आत्मीयता से सुनीं और उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। साथ ही, ग्राम पंचायत जलान्द्रा की शासकीय शालाओं का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरे से प्रशासनिक अमले में सक्रियता देखी गई।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button