बुरहानपुर

*बुरहानपुर कलेक्टर ने देर रात ग्रामीण क्षेत्रों का किया औचक निरीक्षण स्वामित्व योजना की जानी जमीनी हकीकत*

बुरहानपुर:- शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर विवेक कुमार ने शुक्रवार देर शाम ग्राम सूक्ताखुर्द और असीर का दौरा किया। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के शिविर के बाद कलेक्टर सीधे आमजन के बीच पहुंचे और ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना’ के क्रियान्वयन का जायजा लिया।

*हितग्राहियों से की आत्मीय चर्चा*
भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री कुमार योजना की हितग्राही तड़वी बाई के घर पहुंचे। उन्होंने आत्मीय संवाद कर परिवार से योजना के लाभ, प्रक्रिया और इसमें आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी ली। कलेक्टर ने स्थानीय परिस्थितियों को समझते हुए संबंधित पटवारी को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

*नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश*
कलेक्टर ने डिप्टी कलेक्टर भागीरथ वाखला को निर्देशित किया कि पटवारियों के कार्यों की सतत और नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि किसी भी पात्र हितग्राही को योजना का लाभ लेने में असुविधा न हो। इसके अलावा, निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीण बच्चों और परिजनों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए उन्हें पढ़ाई के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया।

*प्राथमिकता से हो समस्याओं का निराकरण*
कलेक्टर विवेक कुमार ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की शिकायतों और समस्याओं को पूरी गंभीरता से लिया जाए तथा उनका समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्रत्येक कल्याणकारी सेवा और योजना का लाभ अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान प्रशासनिक अमला और स्थानीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button