*नवाचार के तहत गन्ने के साथ आलू की सहफसली खेती को मिलेगा बढ़ावा*

बुरहानपुर :- कृषि विज्ञान केन्द्र एवं आत्मा के संयुक्त समन्वय से किसानों की आय बढ़ाने तथा खेती की लागत कम करने के उद्देश्य से नवाचार के तहत गन्ने के साथ आलू की सहफसली खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र, सांडसकला में 10 किसानों को प्रति किसान 4 क्विंटल आलू का बीज वितरित किया गया।
इस पहल का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ सहफसली खेती अपनाने के लिए प्रेरित करना है, जिससे उपलब्ध कृषि भूमि का बेहतर उपयोग हो सके और किसानों को अतिरिक्त आय प्राप्त हो। बीज का वितरण ग्राम सातपायरी, अंधारवाड़ी, बदनापुर एवं हैदरपुर के किसानों को किया गया।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को गन्ने के साथ आलू की सहफसली खेती की तकनीक, फसल प्रबंधन एवं उत्पादन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। किसानों को वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर कम लागत में बेहतर उत्पादन एवं अधिक लाभ प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
बीज वितरण के दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संदीप कुमार सिंह, उपसंचालक कृषि रामशंकर जाट, परियोजना संचालक आत्मा शांतीलाल पवार, विशाल पाटीदार एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों सहित कृषकगण उपस्थित रहे।




