बुरहानपुर

*कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ हुंकार बुरहानपुर में बैठक 1 नवंबर को दिल्ली में महारैली का ऐलान*

बुरहानपुर :- कांग्रेस पार्टी के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत सोमवार को स्थानीय गुर्जर भवन में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मध्य प्रदेश कांग्रेस की सह प्रभारी उषा नायडू और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक अमीन पटेल विशेष रूप से शामिल हुए। बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमीन पटेल ने घोषणा की कि कांग्रेस आगामी 1 नवंबर को नई दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में एक विशाल ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली का आयोजन करेगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमीन पटेल ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश और मध्य प्रदेश में सुनियोजित तरीके से लाखों मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। कांग्रेस पार्टी ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटाने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। इसके साथ ही, सूची से हटाए गए सभी वैध मतदाताओं के नाम दोबारा मतदाता सूची में जोड़ने की पुरजोर मांग उठाई गई है।

*पदाधिकारियों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी*
बैठक के दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर सह प्रभारी उषा नायडू ने बैठक में वार्ड अध्यक्षों, वार्ड समितियों, मंडलम अध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों की समितियों के कई सदस्यों के गैर-मौजूद रहने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने शहर और ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्षों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि संगठन में इस तरह की लापरवाही और अनुशासनहीनता को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अगली बार से ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए।

यह बैठक आगामी राजनीतिक और चुनावी रणनीतियों के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है, जिसमें पार्टी ने बूथ और वार्ड स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button