नेपानगर

*लकड़ी माफिया बेखौफ नेपानगर में अवैध लकड़ी से भरे दो वाहन जब्त, महाराष्ट्र से हो रही थी तस्करी*

बुरहानपुर :- मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के नेपानगर में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी का एक बड़ा खुलासा किया है। वन विभाग की टीम ने शुक्रवार रात की गई कार्रवाई के दौरान एक ट्रक और एक आयशर वाहन को जब्त किया है। इन दोनों वाहनों में बबूल और नीम की करीब 11 घन मीटर अवैध लकड़ी भरी हुई थी, जिसे तस्कर बिना किसी वैध दस्तावेज के ले जा रहे थे। इस कार्रवाई से इलाके के लकड़ी माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

*ग्राम बोरी के पास की गई कार्रवाई*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम ने ग्राम बोरी के पास संदिग्ध हालत में गुजर रहे इन वाहनों को घेराबंदी कर पकड़ा। जांच के दौरान वाहन चालकों और उसमें सवार आरोपियों मोहम्मद अनवर और राजा खान से लकड़ी के परिवहन से जुड़े कागजात मांगे गए, लेकिन वे कोई भी वैध दस्तावेज या परमिट पेश नहीं कर सके। इसके बाद वन विभाग ने दोनों आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और वन कानूनों के तहत मामला दर्ज कर लिया। हालांकि, कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपियों को जमानत पर छोड़ दिया गया।

*महाराष्ट्र के जामनेर से लाई जा रही थी लकड़ी*
प्रभारी रेंजर पुष्पेंद्र जादौन ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे इस अवैध लकड़ी को पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के जामनेर इलाके से लेकर आए थे। आरोपियों का कहना है कि यह लकड़ी जामनेर की सरकारी जमीन से काटी गई थी। इस खुलासे के बाद अब वन विभाग की टीम मामले की गहराई से जांच करने के लिए जल्द ही जामनेर का दौरा करेगी।

रेंजर पुष्पेंद्र जादौन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में यह साबित होता है कि लकड़ी वन क्षेत्र या सुरक्षित जंगलों से अवैध रूप से काटी गई है, तो तस्करी में इस्तेमाल किए गए दोनों वाहनों को सरकार द्वारा पूरी तरह राजसात (जब्त) कर लिया जाएगा।

*नजरबंद किए गए वाहन*
अवैध तस्करी में संलिप्त पाए गए दोनों वाहन ट्रैक और आयशर रजिस्ट्रेशन नंबर MH 44-7515 और MP 22 H-0534 को फिलहाल नेपानगर रेंज कार्यालय में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। वन विभाग इस बात की भी पड़ताल कर रहा है कि इस तस्करी के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या यह कोई बड़ा संगठित गिरोह है जो अंतरराज्यीय स्तर पर लकड़ी की अवैध कटाई और तस्करी को अंजाम दे रहा है। विभाग की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कारोबारियों के हौसले पस्त होते नजर आ रहे हैं।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button