*बुरहानपुर में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान हर जरूरतमंद तक पहुंचेगी मदद- विधायक अर्चना चिटनिस*

बुरहानपुर :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों के सुशासन, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यकाल को समर्पित करते हुए भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस एक माह के अभियान के तहत बुरहानपुर जिले में स्वास्थ्य स्वच्छता पोषण, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर 25 प्रकार की विशेष सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस ने एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी।
विधायक चिटनिस ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सेवा यात्रा शुरू की थी, जो 7 अक्टूबर 2026 को 25 वर्ष पूर्ण करेगी। इस उपलक्ष्य में आम नागरिकों को जनभागीदारी के माध्यम से ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ने के लिए यह अभियान शुरू किया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, महापौर माधुरी पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गजानन महाजन सहित पार्टी के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बुरहानपुर के लिए विशेष कार्ययोजना जिले के प्रत्येक बूथ, शक्ति केंद्र, ग्राम और नगरीय क्षेत्र में अभियान चलाया जाएगा। इसका मूल मंत्र *”जरूरत को पहचानना, जरूरतमंद तक पहुंचना और उसकी जरूरत पूरी करना”* है।
*स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान* स्वास्थ्य विभाग, आयुष और महिला व बाल विकास विभाग के सहयोग से गंभीर बीमारियों या ऑपरेशन की आवश्यकता वाले मरीजों को उचित उपचार दिलाया जाएगा।
*राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य व आंगनवाड़ी कार्यक्रम*
बच्चों में कुपोषण दूर करने, हीमोग्लोबिन सुधारने और कृमिनाशक अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कार्य होगा। कुपोषित बच्चों के घरों में नीम और नींबू के पौधे लगाए जाएंगे। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के जरिए गर्भवती महिलाओं और माताओं को स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
*25 प्रकार की सेवा गतिविधियां* सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिक कम से कम 25 मिनट श्रमदान कर सकेंगे। रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण और ‘सेवा सेतु’ शिविरों के माध्यम से शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाएगा।
*प्रमुख आयोजनों की रूपरेखा*
17 सितंबर सेवा दिवस पीएम मोदी के जन्मदिवस पर प्रदेशभर में रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। शाम 7 बजे सभी बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाया जाएगा।
*अन्य कार्यक्रम* विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत गांवों में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां सार्वजनिक स्थानों पर ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ और युवाओं के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ का आयोजन किया जाएगा।
विधायक अर्चना चिटनिस ने अपील की कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सेवा को समाज की शक्ति बनाना है, ताकि हर जरूरतमंद तक मदद सीधे पहुंच सके और नागरिक विकसित भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता दर्ज करा सकें।



