*राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूँज’ कार्यक्रम की बुरहानपुर में तैयारियाँ तेज़, घर-घर जाकर किया जा रहा युवाओं का रजिस्ट्रेशन*

बुरहानपुर:- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी मध्य प्रदेश दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित बहुप्रतीक्षित ‘छात्रों की गूँज’ कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस आयोजन के लिए इंदौर के रीजनल पार्क के सामने स्थित विशाल मैदान को चुना गया है, जहाँ जोर-शोर से तैयारियाँ शुरू हो चुकी हैं।
इस भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुसार जेन-जी युवा पीढ़ी की भीड़ जुटाने के लिए बुरहानपुर कांग्रेस कमेटी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में शहर कांग्रेस जिला महामंत्री आशीष भगत के नेतृत्व में बुरहानपुर के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर युवाओं और छात्रों का पंजीयन अभियान शुरू किया गया है।
*केवल छात्र और युवा रहेंगे मंच के सामने*
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि इस आयोजन के दौरान मुख्य परिसर और मंच के सामने केवल छात्र और युवा ही मौजूद रहेंगे। राहुल गांधी सीधे तौर पर देश के युवाओं और छात्रों से संवाद करेंगे। संगठन की ओर से यह सख्त निर्देश दिया गया है कि कोई भी वरिष्ठ नेता या पदाधिकारी अंदर परिसर में प्रवेश नहीं करेगा। सभी कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता बाहर रहकर ही व्यवस्था और अनुशासन संभालेंगे।
*एक लाख युवाओं को जुटाने का लक्ष्य*
शहर कांग्रेस जिला महामंत्री आशीष भगत ने बताया कि ‘छात्रों की गूँज’ कार्यक्रम के माध्यम से पूरे प्रदेश से करीब एक लाख छात्रों और युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बुरहानपुर जिले के सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई (NSUI) की टीमों से अपील की है कि वे कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग सेंटरों और छात्रावासों में पहुँचकर अधिक से अधिक डिजिटल रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें।
*डिजिटल माध्यम और क्यूआर कोड का व्यापक प्रचार*
आशीष भगत ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए स्पष्ट किया कि कार्यकर्ता स्वयं पंजीयन न करें, बल्कि अपने-अपने परिवारों में अध्ययनरत बच्चों और युवाओं का पंजीयन कराएं। इसके साथ ही, युवाओं के ज़रिए उनके कॉलेज ग्रुप्स, मित्र मंडली और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर क्यूआर कोड को अधिक से अधिक शेयर करवाएं।
युवाओं तक सहज पहुँच बनाने के लिए शहर के उन सभी प्रमुख ठिकानों—जैसे रेस्टोरेंट, चाय की दुकानों, कैंटीन और कोचिंग हब—पर क्यूआर कोड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं जहाँ विद्यार्थी अक्सर एकत्र होते हैं। बुरहानपुर में अभियान को गति देने के लिए बैनर, होर्डिंग्स, पोस्टर्स, स्टीकर्स और पम्फलेट्स के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है ताकि अंतिम व्यक्ति तक इसकी जानकारी पहुँच सके।



