बुरहानपुर

*विश्व खाद्य दिवस पर दाऊदी बोहरा समुदाय ने कराया 3 लाख जरूरतमंदों को भोजन*

*350 से अधिक शहरों में ‘प्रोजेक्ट राइज’ के तहत चलाया गया ‘शून्य भूख’ जागरूकता अभियान*

बुरहानपुर :- पूरे भारत सहित विश्वभर में दाऊदी बोहरा समुदाय ने 16 अक्टूबर को ‘विश्व खाद्य दिवस’ के अवसर पर ‘शून्य भूख’ के वैश्विक लक्ष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक विशाल खाद्य अभियान का आयोजन किया। समुदाय की सामाजिक-परोपकारी पहल ‘प्रोजेक्ट राइज’ के बैनर तले आयोजित इस अभियान के माध्यम से भारत भर में 3 लाख से अधिक दैनिक वेतन भोगियों, अनाथालयों के बच्चों और वंचित परिवारों को भोजन कराया गया तथा सूखा राशन वितरित किया गया।

इस वर्ष यह आंदोलन विश्व खाद्य दिवस के मुख्य विषय आज नवाचार करें। कल का पोषण करें पर आधारित रहा। अभियान के तहत दुनिया भर के 350 से अधिक शहरों में स्वयंसेवकों, 100 से अधिक सामुदायिक स्कूलों और शिक्षण केंद्रों के छात्रों ने सक्रिय भाग लिया। इस दौरान जागरूकता रैलियों, खाद्य संग्रह अभियानों और विशेष कक्षा सत्रों के ज़रिए युवाओं और परिवारों को भोजन की बर्बादी रोकने और भुखमरी समाप्त करने का संदेश दिया गया।

दाऊदी बोहरा समाज के पीआरओ कोऑर्डिनेटर तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला ने बताया कि ‘प्रोजेक्ट राइज’ वंचित बच्चों और परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और बेहतर जीवन के अवसर प्रदान करने के लिए वैश्विक स्तर पर निरंतर कार्य कर रहा है।

‘प्रोजेक्ट राइज’ के एक स्वयंसेवक ने कहा हमारे धर्मगुरू सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब की शिक्षाओं के अनुसार भूखों को भोजन कराना हमारी आस्था का अभिन्न अंग है। विश्व खाद्य दिवस हमें इस मूल्य को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने का अवसर देता है।”*

संयुक्त राष्ट्र की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया में पर्याप्त खाद्यान्न उत्पादन के बावजूद लगभग 64.5 करोड़ लोग भुखमरी का सामना कर रहे हैं और कुल भोजन का एक तिहाई हिस्सा बर्बाद हो जाता है। ऐसे में बोहरा समुदाय का यह प्रयास समाज में खाद्य सुरक्षा और संवेदनशीलता बढ़ाने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button