*मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान खकनार जनपद पंचायत की ग्राम दांतपहाड़ी शिविर में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं योजनाओं के दिए लाभ*

बुरहानपुर:- मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को खकनार जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत दांतपहाड़ी में जन-समस्या निवारण एवं जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच बैठकर आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं मांगों को ध्यानपूर्वक सुना।
*जन-संवाद और समस्याओं का त्वरित संज्ञान*
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने मुख्य रूप से स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल व्यवस्था, पक्की सड़कों का निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं वन अधिकार से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी समस्याएं एवं मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। उपस्थित अधिकारियों ने सभी आवेदनों को गंभीरता से दर्ज किया और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
*शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी*
शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में वन विभाग, श्रम विभाग, उद्यानिकी विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं, पात्रता की शर्तों और उनसे मिलने वाले आर्थिक व सामाजिक लाभों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। ग्रामीणों को बताया गया कि वे किस प्रकार योजनाओं का लाभ उठाकर अपना और अपने परिवार का सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण कर सकते हैं।
*हितग्राही को मौके पर मिला योजना का लाभ*
शिविर केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पात्र हितग्राही को मौके पर लाभान्वित भी किया गया। उद्यानिकी विभाग की बागवानी यंत्रीकरण योजना के तहत स्थानीय हितग्राही अंकित पाटिल को योजना से संबंधित हितलाभ का वितरण किया गया।
*ग्रामीण और जनप्रतिनिधियों की रही बड़ी सहभागिता*
प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। स्थानीय स्तर पर समस्याओं के सीधे निराकरण और योजनाओं की पारदर्शी जानकारी मिलने से ग्रामीणों ने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




