बुरहानपुर

*बुरहानपुर मंडी उड़न दस्ते की बड़ी कार्रवाई बिना मंडी शुल्क चुकाए महाराष्ट्र ले जाए जा रहे मक्का से भरे दो ट्रक पकड़े, 5 गुना जुर्माने का नोटिस*

बुरहानपुर :- मध्य प्रदेश की अन्य मंडियों से बिना मंडी शुल्क (टैक्स) चुकाए कृषि उपज को बुरहानपुर के रास्ते महाराष्ट्र भेजने वाले गिरोह पर नकेल कसने के लिए कृषि उपज मंडी का उड़न दस्ता पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को शिकारपुरा थाना क्षेत्र के दर्यापुर रोड पर मंडी प्रशासन के उड़न दस्ते ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मक्का से भरे दो ट्रकों को रोककर उनकी सघन जांच की। जांच के दौरान दोनों ट्रक बिना मंडी टैक्स चुकाए हरदा मंडी से महाराष्ट्र की ओर ले जाए जाते हुए पाए गए।

*हरदा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था मक्का*
मंडी उड़न दस्ता प्रभारी श्रीकांत गंगराडे ने बताया कि शुक्रवार को सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो ट्रकों को रोका गया। जब टीम ने चालकों से मंडी के वैध दस्तावेज और अनुज्ञा पत्र मांगे, तो वे कोई भी वैध कागजात या टैक्स भुगतान के प्रमाण नहीं दिखा पाए।

*5 गुना मंडी टैक्स और जुर्माने का प्रावधान*
मंडी प्रशासन ने टैक्स चोरी के इस मामले में दोनों ट्रक मालिकों को 5 गुना मंडी टैक्स चुकाने का आधिकारिक नोटिस थमा दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक व्यापारी निर्धारित मंडी शुल्क और जुर्माना राशि मंडी कार्यालय में जमा नहीं करेंगे, तब तक वाहनों को नहीं छोड़ा जाएगा। प्रत्येक ट्रक में लगभग 300 क्विंटल मक्का भरा हुआ है, जिसके आधार पर एक ट्रक पर 60 हजार रुपये का शुल्क बनता है। इस प्रकार दोनों गाड़ियों पर कुल 1 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। राशि जमा होने के बाद ही वाहनों को रिहा किया जाएगा।

*रातभर ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान जारी*
मंडी प्रशासन द्वारा टैक्स चोरी की वारदातों पर लगाम कसने के लिए चेकिंग अभियान को बेहद तेज कर दिया गया है। मंडी सचिव के नेतृत्व में उड़न दस्ता दिन-रात मुस्तैद रहकर वाहनों की आवाजाही पर कड़ी नजर रख रहा है। इससे पहले परसों रात मंडी सचिव और पूरी टीम ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया था। इस दौरान कुल 8 संदिग्ध गाड़ियों की जांच की गई, जिनमें से 3 गाड़ियों के पास वैध अनुज्ञा पाई गई, जबकि बिना दस्तावेजों के मिली 5 गाड़ियों पर जुर्माना लगाया गया, जिन्हें औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सुबह छोड़ा गया। मंडी प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से कृषि उपज की अवैध तस्करी करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button