*बुरहानपुर युवा कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चंपत राय का फूंका पुतला*

बुरहानपुर :- लोकतंत्र की रक्षा, मतदाता सूची की निष्पक्षता तथा मंदिर के चढ़ावे एवं चंदे में हुई कथित वित्तीय हेराफेरी के विरोध में शुक्रवार को बुरहानपुर युवा कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन किया। बुरहानपुर युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष ठाकुर देवेश्वर सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शिवकुमार सिंह पुतले के पास एकत्रित होकर जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची में पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इसके साथ ही, जून-जुलाई 2026 में मंदिर के चढ़ावे और चंदे में सामने आई कथित चोरी व वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में श्री क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का भी पुतला दहन किया गया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ठाकुर देवेश्वर सिंह ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की आत्मा हैं, जिससे किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ियां कर आम जनता के वोट के अधिकार पर हमला किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। साथ ही, श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र मंदिर में चंदे और चढ़ावे की वित्तीय हेराफेरी पर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस पार्टी के सभी वरिष्ठ जन, पार्षद साथी, ब्लॉक एवं मंडलम अध्यक्षगण, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई (NSUI), अल्पसंख्यक कांग्रेस सहित पार्टी के सभी प्रमुख विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



