बुरहानपुर

*बुरहानपुर में तेंदुए की दहशत सिंधीबस्ती हमीदपुरा बायपास पर दिखा वन्य प्राणी, वन विभाग अलर्ट और गश्त तेज*

बुरहानपुर :- मध्य प्रदेश के बुरहानपुर शहर के सिंधीबस्ती रोड स्थित हमीदपुरा बायपास इलाके में वन्य प्राणी तेंदुए के मूवमेंट की खबर सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। शहर के घनी आबादी वाले इस इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की खबर से लोगों में दहशत का माहौल है, जिसके चलते वन विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है।

*सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ मूवमेंट*
घटना बुधवार रात्रि की है, जब क्षेत्र के एक निजी मैरिज हॉल के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक वन्य प्राणी (तेंदुआ) नजर आया। फुटेज के अनुसार, तेंदुआ कुछ देर तक सड़क पर खड़ा रहा और फिर छलांग लगाकर मैरिज हॉल के अंदर पहुंच गया। हालांकि, कुछ ही सेकंड बाद वह वापस दीवार से छलांग लगाकर वहां से भाग निकला। मैरिज हॉल संचालक ने तुरंत इसकी सूचना गणपति थाना पुलिस और वन विभाग को दी।

*वन विभाग की जांच और सर्चिंग जारी*
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आ गई और तुरंत मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र की सघन सर्चिंग की। वन विभाग के एसडीओ विनय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में सामने आए फुटेज में एक जानवर दिखाई दे रहा है, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि वह तेंदुआ ही है या कोई अन्य वन्यजीव।

एसडीओ ने बताया कि शहरी क्षेत्र होने के कारण पगमार्क (पंजों के निशान) आसानी से नजर नहीं आए हैं। हालांकि, एहतियात के तौर पर क्षेत्र में निरीक्षण बढ़ा दिया गया है। वन विभाग की टीम लगातार 24 घंटे इलाके में तेंदुए की मौजूदगी के साक्ष्य तलाशने में जुटी है और रात्रि गश्त भी तेज कर दी गई है। यदि दोबारा तेंदुए का मूवमेंट नजर आता है, तो नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

*सोशल मीडिया पर वायरल फोटो से बढ़ी चिंता*
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर इसी क्षेत्र में दोबारा तेंदुआ दिखाई देने का दावा करने वाला एक फोटो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल तस्वीर के बाद स्थानीय लोगों की चिंता और डर और अधिक बढ़ गया है। हालांकि, वन विभाग इस फोटो की सत्यता और तेंदुए की दोबारा मौजूदगी की बारीकी से जांच कर रहा है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर रोक लगाने के लिए पुलिस की साइबर सेल की मदद ली जा रही है।

*वन विभाग की आमजन से अपील*
प्रशासन और वन विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि यदि किसी भी व्यक्ति को तेंदुआ या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई देता है, तो वे उसके करीब बिल्कुल न जाएं और न ही उसका पीछा करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या स्थानीय पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button