*भगवान श्री बालाजी मेले की तैयारियों को लेकर अर्चना चिटनिस ने किया स्थल निरीक्षण*

बुरहानपुर :- सूर्यपुत्री मां ताप्ती के पावन तट स्थित सतियारा घाट पर 22 से 24 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले भगवान श्री बालाजी महाराज के भव्य मेले की तैयारियों को लेकर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और मेला समिति के सदस्यों के साथ मेला स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, पार्किंग, सुगम आवागमन, स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
चिटनिस ने कहा कि यह मेला बुरहानपुर की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने, सुगम पार्किंग और बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों के लिए सुरक्षित पैदल मार्ग सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
*मेला स्थल को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प*
चिटनिस ने ताप्ती तट के इस आयोजन को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि मां ताप्ती के तट की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना हम सबका सामूहिक दायित्व है। मेले में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित कर कपड़े के थैलों और पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को प्रोत्साहित किया जाए। दुकानदारों और श्रद्धालुओं को जागरूक कर कचरा संग्रहण एवं नियमित सफाई की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के मार्गों को सुचारू बनाने, पर्याप्त रोशनी, पेयजल और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। इस दौरान महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा मेला समिति के सदस्य उपस्थित रहे।




