*आगामी त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट कलेक्टर-SP ने ली अधिकारियों की बैठक, सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा*

बुरहानपुर:- आगामी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन, चल समारोह और प्रसिद्ध बालाजी रथ यात्रा सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस अलर्ट मोड पर आ गया है। सोमवार को Collector हर्ष सिंह और SP आशुतोष बागरी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
*सुरक्षा यातायात और घाटों पर रहेंगे कड़े इंतजाम*
बैठक में कलेक्टर एवं एसपी ने निर्देश दिए कि विसर्जन घाटों और जलाशयों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाए और प्रशिक्षित गोताखोर व आपदा प्रबंधन दल तैनात रहें। चल समारोह और बालाजी रथ यात्रा के मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर बिजली के लटकते तारों व संकरे रास्तों जैसी बाधाओं को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए गए।
*सीसीटीवी से निगरानी और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई*
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों, विसर्जन स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की सख्त निगरानी रहेगी। अधिकारियों को असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने और शांति समितियों व आयोजकों से सतत संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
*यातायात डायवर्जन और जनसुविधाएं*
त्योहारों के दौरान शहर में यातायात सुचारू रखने के लिए प्रभावी डायवर्जन प्लान लागू होगा। पार्किंग के लिए स्थान चिह्नित किए जाएंगे और एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता सुगम रखा जाएगा। इसके अलावा नगर निगम, विद्युत व स्वास्थ्य विभाग को स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश, पेयजल और अग्निशमन के समुचित प्रबंध समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
*नागरिकों से शांति की अपील*
बैठक में ए एसपी प्रदीप शेण्डे सीएसपी विनोद सिंह कुशवाहा, नगर निगम कमिश्नर संदीप श्रीवास्तव सहित सभी थानों के प्रभारी व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन व पुलिस ने जिले के नागरिकों से त्योहारों के दौरान दिशा-निर्देशों का पालन करने, यातायात में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।



