बुरहानपुर

*गायत्री शक्ति पीठ में 9 दिवसीय गायत्री अनुष्ठान महापौर ने हवन में दी आहुति कन्या पूजन कर लिया आशीर्वाद*

बुरहानपुर :- शिकारपुरा थाने के समीप संजय नगर स्थित गायत्री शक्ति पीठ में नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित 9 दिवसीय गायत्री अनुष्ठान की पूर्णाहुति धार्मिक श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुई। इस अवसर पर सामूहिक महायज्ञ, हवन एवं कन्या पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गायत्री परिवार के सदस्यों ने सहभागिता की।

महापौर माधुरी अतुल पटेल एवं पूर्व महापौर अतुल पटेल भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। महापौर ने विधि-विधान से हवन में आहुतियां अर्पित कीं तथा कन्या पूजन कर कन्याओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर महापौर ने सनातन संस्कृति, संस्कारों एवं सामाजिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शहरवासियों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि घरों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों में अलग-अलग डालें तथा प्लास्टिक के उपयोग से बचें स्वच्छता के प्रति प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है। उन्होंने धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया।

वहीं पूर्व महापौर अतुल पटेल ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को जल संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए जल की प्रत्येक बूंद को बचाना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक पौधारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया। गायत्री मंत्र की गूंज एवं यज्ञ की आहुतियों के बीच संपन्न हुए इस आयोजन में कन्या पूजन एवं कन्या भोज के माध्यम से धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया कार्यक्रम में गायत्री परिवार के वरिष्ठ सदस्यों, कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। इस प्रकार धार्मिक आस्था के साथ स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा का संदेश भी दिया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button