बुरहानपुर

*शासकीय संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने नेपानगर पहुंचे कलेक्टर-एसपी*

बुरहानपुर :- शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और शासकीय संस्थानों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर विवेक कुमार और एसपी आशुतोष बागरी ने नेपानगर क्षेत्र का संयुक्त भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र और ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

भ्रमण की शुरुआत में अधिकारियों ने नगर परिषद नेपानगर कार्यालय के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेपानगर का निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने स्मार्ट क्लास और पुस्तकालय का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों के साथ बैठकर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने विद्यालय स्टाफ को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलकूद और नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबाड़ा का भी निरीक्षण किया।

इसके बाद कलेक्टर और एसपी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेपानगर का रुख किया। उन्होंने ओपीडी, एनआरसी, जनरल वार्ड और रिकॉर्ड रजिस्टरों का बारीकी से अवलोकन किया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल आने वाले नागरिकों को समय पर बेहतर चिकित्सा सेवाएँ मिलनी चाहिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।

दौरे के अंतिम चरण में कलेक्टर कुमार ने ग्राम पंचायत अंबाड़ा, डवालीखुर्द और टिटगांव का भ्रमण किया। उन्होंने ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन अभियान’ के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। टिटगांव में पटवारी से चर्चा कर उन्होंने पंजीयन कार्यों में तेजी लाने और पूरी पारदर्शिता बरतने के कड़े निर्देश दिए।

इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button