*नेपानगर में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान एक ही स्थान पर मिलीं विभिन्न योजनाएं और सुविधाएं*

बुरहानपुर :- सुशासन और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नेपानगर नगर पालिका परिसर में शुक्रवार को ‘मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान’ के तहत एक विशेष शिविर और क्षेत्र भ्रमण का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रशासन के साथ नागरिकों का संवाद मजबूत करना रहा।
शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती पाटिल, कलेक्टर विवेक कुमार, एसपी आशुतोष बागरी, जिला पंचायत सीईओ एवं अपर कलेक्टर सृजन वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
*स्टॉलों के माध्यम से मिलीं जनहितैषी सेवाएं*
शिविर स्थल पर नागरिकों की सुविधा के लिए राजस्व, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, खाद्य, और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के जरिए नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी गई और मौके पर ही आधार अपडेशन, स्वास्थ्य परीक्षण, सिकल सेल जांच, तथा दवा वितरण जैसी सेवाएं प्रदान की गईं। इस दौरान कलेक्टर विवेक कुमार ने स्वयं स्टॉलों का निरीक्षण किया और अपनी शुगर की जांच भी कराई।
*पुलिस प्रशासन की नई पहल*
कार्यक्रम में एसपी आशुतोष बागरी ने नागरिकों को सुरक्षा और सहूलियत से जुड़ी एक नई पहल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब थानों में क्यूआर कोड की व्यवस्था की गई है, जिसे स्कैन कर नागरिक आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
*संवाद और योजनाओं का वितरण*
नगर पालिका अध्यक्ष भारती पाटिल और कलेक्टर विवेक कुमार ने कार्यक्रम में मौजूद हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। इसके अलावा, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत कृषकों को दलहन फसलों के बीज भी वितरित किए गए।




