*नगर निगम बुरहानपुर ने यूनिक पब्लिक स्कूल में आयोजित की ‘स्वच्छता पाठशाला विद्यार्थियों ने ली स्वच्छता की शपथ*

बुरहानपुर :- स्वच्छता ही सेवा 2026′ अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम बुरहानपुर द्वारा यूनिक पब्लिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में “स्वच्छता पाठशाला युवाओं के साथ स्वच्छता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को स्वच्छता, गीला-सूखा कचरा पृथक्करण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव के निर्देश पर तथा सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा के कुशल निर्देशन में उप स्वास्थ्य अधिकारी गणेश पाटिल एवं रामेश्वर महाजन के नेतृत्व में यह आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम की आईईसी टीम ने उपस्थित छात्रों को स्रोत स्तर पर कचरा अलग-अलग करने के तरीकों को विस्तार से समझाया। विद्यार्थियों को गीला, सूखा, सेनेटरी तथा विशेष देखभाल वाले (हार्डवेयर व इलेक्ट्रॉनिक) कचरे की श्रेणियां बताई गईं और प्रत्येक में शामिल होने वाली सामग्रियों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित स्वच्छता चेयरमैन धनराज महाजन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपनी दिनचर्या से प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक को पूरी तरह हटाना होगा। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए बताया कि चिप्स, वेफर, बिस्कुट और चॉकलेट की पन्नियों व प्लास्टिक रैपर्स को फेंके नहीं, बल्कि उन्हें खाली प्लास्टिक बोतलों में कसकर भरकर ‘इको ब्रिक्स बनाएं, जिससे प्लास्टिक कचरे का पुनः उपयोग और प्रभावी प्रबंधन किया जा सके।
स्वच्छता संवाद के अंतर्गत अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों के साथ पर्यावरण और स्वच्छता से संबंधित एक सवाल-जवाब भी रखा गया। इसमें स्कूली छात्रों ने जबरदस्त उत्साह दिखाया और पूछे गए प्रश्नों के सटीक उत्तर दिए। इसके साथ ही यूनिक पब्लिक स्कूल के प्राचार्य श्री जावेद अब्दुल कादर ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के वैज्ञानिक दृष्टिकोण और दैनिक जीवन में स्वच्छता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
*चित्रकला प्रतियोगिता में दिखा बच्चों का हुनर*
‘स्वच्छता पाठशाला’ के तहत छात्रों के लिए एक विशेष चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कला के माध्यम से कैनवास पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के बेहद सुंदर संदेश उकेरे। प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट चित्र बनाने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में परिसर में उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा अतिथियों को शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए औपचारिक रूप से ‘स्वच्छता की शपथ’ दिलाई गई।
इस अवसर पर स्वच्छता चेयरमैन धनराज महाजन, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी गणेश पाटिल, स्वच्छता पर्यवेक्षक राकेश कुशवाह, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जफर हुसैन, आईईसी टीम, विद्यालय अध्यक्ष सैय्यद फरीद, चेयरपर्सन आरिफा शिरीन, प्राचार्य जावेद अब्दुल कादर सहित विद्यालय का समस्त शिक्षक स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




