*आज़ाद नगर में निःशुल्क यूनानी चिकित्सा शिविर आयोजित 85 मरीजों को मिला स्वास्थ्य लाभ*

बुरहानपुर :- सेवा संकल्प अभियान’ और राष्ट्रीय आयुष मिशन योजना के अंतर्गत बुरहानपुर जिले के एमागिर्द आज़ाद नगर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 1 पर शनिवार को एक दिवसीय निःशुल्क यूनानी चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। कलेक्टर हर्ष सिंह के आदेशानुसार तथा ज़िला आयुष अधिकारी डॉ. कविता गढ़वाल के निर्देशन में यह शिविर शासकीय यूनानी औषधालय आलमगंज द्वारा लगाया गया।
शिविर में मुख्य रूप से मौसमी बीमारियों, जोड़ों के दर्द और महिलाओं व बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान दिया गया। यूनानी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मिर्ज़ा रेहान बेग ने शिविर में आए कुल 85 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर यूनानी पद्धति से उनका उपचार किया। शिविर के दौरान मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया, जिसकी जिम्मेदारी विभाग की श्रीमती शाहीन बानो ने संभाली।
चिकित्सकों की टीम ने शिविर में पहुंचे मरीजों का संधिवात (गठिया), आमवात, सामान्य बुखार, सांस की तकलीफ, खांसी, अतिसार (दस्त), त्वचा रोग और पेट से जुड़ी विभिन्न बीमारियों का इलाज किया। यूनानी दवाओं की प्रभावशीलता और उनके सुरक्षित उपयोग के बारे में भी मरीजों को विस्तार से जानकारी दी गई।
*पोषण माह और आयुष जन स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर जोर*
वर्तमान में चल रहे ‘पोषण माह’ के तहत शिविर में विशेष स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें 3 एनीमिया खून की कमी से पीड़ित महिलाओं, 2 गर्भवती महिलाओं और एमएएम मध्यम कुपोषित श्रेणी के 3 बच्चों के स्वास्थ्य की गहन जांच की गई। इन सभी महिलाओं और बच्चों को उनके शारीरिक विकास और बेहतर स्वास्थ्य के लिए यूनानी औषधियां प्रदान की गईं।
इसके साथ ही आयुष जन स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत सुप्रजा आयुर्विद्या आमवात संधिवात और बुजुर्गों की देखभाल से जुड़े वयोमित्र कार्यक्रम के तहत चिन्हित रोगियों को भी समुचित उपचार और परामर्श दिया गया।
*बचाव के लिए दिए गए उपयोगी सुझाव*
मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए डॉ. मिर्ज़ा रेहान बेग ने नागरिकों को मौसमी बीमारियों जैसे बुखार, सर्दी-खांसी तथा दूषित जल से होने वाले संक्रामक रोगों से बचाव के तरीके बताए। उन्होंने पानी उबालकर पीने, आसपास साफ-सफाई रखने और खान-पान में ताजा व पौष्टिक आहार शामिल करने की सलाह दी।
शिविर को सफल बनाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शबीना खान एवं सहायिका सईदा का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों को शिविर तक पहुंचाने और व्यवस्थाएं संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वास्थ्य शिविर के आयोजन से क्षेत्रीय निवासियों में खुशी का माहौल देखा गया और लोगों ने इस पहल की सराहना की।



