बुरहानपुर

*नेहरू मॉन्टेसरी स्कूल में सेवा संकल्प अभियान आयोजित, प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र सम्मानित*

बुरहानपुर:- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शनिवार को नेहरू मॉन्टेसरी हायर सेकेंडरी स्कूल में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील शामिल हुए। इस दौरान बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस, महापौर माधुरी अतुल पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी रोहिणी पवार सहित क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि, उद्योगपति और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

*विद्यार्थियों से सीधा संवाद और मार्गदर्शन*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने विद्यार्थियों में राष्ट्र सेवा का जज्बा जगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने अपने जीवन के 25 वर्षों को पूरी निष्ठा से राष्ट्रसेवा में समर्पित किया है। आज भारत जिस आत्मविश्वास और गति से विकास के पथ पर अग्रसर है, उसके पीछे उनका दूरदर्शी नेतृत्व है।

सांसद पाटील ने विद्यार्थियों को भारत का वास्तविक भविष्य बताते हुए कहा, “वर्ष 2047 में जब देश अपनी आजादी की शताब्दी मनाएगा और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करेगा, तब उसमें आज के विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और परिश्रम का सबसे बड़ा योगदान होगा। विद्यार्थी अभी से अपने लक्ष्य तय करें और पढ़ाई के साथ-साथ राष्ट्रहित को प्राथमिकता दें।

उन्होंने ‘परीक्षा पे चर्चा’ का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं देश के विद्यार्थियों की शिक्षा, मानसिक तनाव और उज्ज्वल भविष्य को लेकर संवेदनशील हैं और समय-समय पर उनसे सीधा संवाद करते हैं।

*स्वच्छता और पर्यावरण पर विशेष बल*
अपने संबोधन में सांसद ने स्वच्छ भारत मिशन और पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना सिर्फ सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक और विद्यार्थी का व्यक्तिगत कर्तव्य है। जब समाज का प्रत्येक वर्ग और युवा शक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाएगी, तभी विकसित भारत का सपना जनभागीदारी से साकार हो सकेगा।

*रचनात्मकता का प्रदर्शन और प्रतिभाओं का सम्मान*
सेवा संकल्प अभियान के तहत नेहरू मॉन्टेसरी स्कूल में निबंध लेखन, चित्रकला और भाषण जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक सोच से कैनवास पर ‘विकसित भारत 2047’ की सुंदर और जीवंत तस्वीरें उकेरीं।

कार्यक्रम के दौरान सांसद पाटील और अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की भरपूर सराहना की। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button