*इंदौर में Rahul Gandhi का कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज 19 सितंबर की परीक्षाएं टालने के लिए राज्यपाल को पत्र*

बुरहानपुर:- 19 सितंबर 2026 को इंदौर में आयोजित होने जा रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम “छात्रों की गूंज” को लेकर पूरे प्रदेश में हलचल तेज हो गई है। कार्यक्रम में छात्रों की भारी उपस्थिति को देखते हुए महामहिम राज्यपाल मध्य प्रदेश को एक ज्ञापन सौंपकर 19 सितंबर को होने वाली विश्वविद्यालय की सभी परीक्षाओं को स्थगित करने की मांग की गई है।
*परीक्षा और संवाद एक ही दिन, छात्र परेशान*
बुधवार को युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष ठाकुर देवेश्वर सिंह बुरहानपुर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और छात्रों की ओर से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि 19 सितंबर को मालवा और निमाड़ अंचल सहित पूरे प्रदेश से हजारों छात्र राहुल गांधी से सीधा संवाद करने इंदौर पहुंच रहे हैं। लेकिन उसी दिन विभिन्न विश्वविद्यालयों द्वारा परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं, जिससे छात्र असमंजस और चिंता में हैं। छात्रों का कहना है कि एक ही दिन परीक्षा होने के कारण वे इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होने से वंचित रह सकते हैं।
*शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों पर होगी चर्चा*
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि ‘छात्रों की गूंज’ कोई राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि एक गैर-राजनीतिक संवाद कार्यक्रम है। इसका मुख्य उद्देश्य वर्तमान भारतीय शिक्षा व्यवस्था की कमियों, छात्रों की व्यावहारिक समस्याओं और उनके समाधान पर विचार विमर्श करना है। छात्र अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे राहुल गांधी के सामने रखेंगे। युवाओं का मानना है कि राहुल गांधी देश के करोड़ों छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत हैं, इसलिए उनसे संवाद करना हर युवा के लिए बेहद जरूरी है।
*राज्यपाल से परीक्षा टालने की अपील*
ज्ञापन में राज्यपाल से सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का अनुरोध किया गया है 19 सितंबर को होने वाली सभी परीक्षाओं को स्थगित कर नई तिथियां घोषित की जाएं, ताकि कोई भी छात्र इस संवाद से वंचित न रहे।” छात्र नेताओं का कहना है कि यदि राजभवन यह फैसला लेता है, तो यह छात्र हित में एक ऐतिहासिक कदम होगा। अब सभी की नजरें राजभवन और विश्वविद्यालय प्रशासन के फैसले पर टिकी हैं।



